भारत में इलेक्ट्रिक कारों की मांग लगातार बढ़ रही है। जून 2026 में भी इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बिक्री ने शानदार रफ्तार बनाए रखी। हालिया बिक्री के आंकड़ों के अनुसार, टाटा मोटर्स ने सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें बेचते हुए अपनी नंबर-1 स्थिति बरकरार रखी, जबकि महिंद्रा और एमजी मोटर की इलेक्ट्रिक कारों को भी ग्राहकों का जबरदस्त समर्थन मिला।
रिपोर्ट के मुताबिक, जून में टाटा मोटर्स ने करीब 12 हजार से अधिक EV बेचीं। वहीं महिंद्रा ने 7,645, एमजी मोटर ने 5,785 और मारुति सुजुकी ने 1,896 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दर्ज की। जून 2026 पहली बार ऐसा महीना रहा, जब देश में एक महीने में 30 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों की बिक्री हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन संरक्षण को लेकर बढ़ती जागरूकता, सरकार के प्रोत्साहन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील के बाद ग्राहकों का रुझान EV की ओर तेजी से बढ़ा है। आने वाले महीनों में भी भारतीय EV बाजार के मजबूत वृद्धि दर्ज करने की उम्मीद जताई जा रही है।









